मुंबई। महाराष्ट्र में किसानों की कर्जमाफी के ऐतिहासिक निर्णय के बाद भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा द्वारा आयोजित एक भव्य सम्मान समारोह में किसानों की ओर से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का अभिनंदन किया गया। समारोह में भाजपा महाराष्ट्र प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देवेंद्र फडणवीस ऐसा नेतृत्व हैं, जो किसानों सहित समाज के हर वर्ग के सुख-दुख में हमेशा उनके साथ खड़ा रहता है।
रविंद्र चव्हाण ने कहा कि मुख्यमंत्री केवल योजनाओं की घोषणा तक सीमित नहीं रहते, बल्कि गांव-गांव जाकर किसानों की समस्याओं को समझते हैं और उनके समाधान के लिए ठोस एवं प्रभावी निर्णय लेते हैं। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि प्रदेश का किसान समाज पूरी मजबूती के साथ “देवाभाऊ” और महायुति सरकार के साथ खड़ा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चव्हाण ने राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में उठाए गए अनेक महत्वपूर्ण कदमों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि खेत एवं पानंद (ग्रामीण संपर्क) सड़कों का निर्माण, जलयुक्त शिवार अभियान, खेती में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और आधुनिक तकनीकों का उपयोग तथा कृषि पंपों के लिए दिन के समय निःशुल्क बिजली उपलब्ध कराने जैसी योजनाओं ने किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि सरकार की किसान हितैषी नीतियों का लाभ अब प्रदेश के गांव-गांव तक पहुंच रहा है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महासचिव एवं विधायक संजय कुटे ने राज्य के समस्त किसानों की ओर से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सम्मान का प्रस्ताव रखा। उपस्थित किसानों ने हाथ उठाकर इसका समर्थन किया और “देवाभाऊ” के जयघोष से पूरा सभागार गूंज उठा।
सम्मान स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि वह इस आयोजन को केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि किसानों से सीधे संवाद का अवसर मानते हैं। उन्होंने कहा, “हमने कर्जमुक्ति का निर्णय किसी चुनाव को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि किसानों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लिया है। किसानों का हित हमारे लिए राजनीति का विषय नहीं, बल्कि हमारी जिम्मेदारी है। कई लोगों को लगता था कि सरकार कर्जमाफी नहीं करेगी और आंदोलन करने पड़ेंगे, लेकिन यह महायुति की सरकार है, किसानों की देवाभाऊ सरकार है।”
मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि 7.5 अश्वशक्ति (एचपी) तक की क्षमता वाले कृषि पंपों को दिन के समय निःशुल्क बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही इन पंपों पर बकाया 48 हजार करोड़ रुपये के पुराने बिजली बिल भी माफ किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि किसानों पर पुराने कर्ज और बकाया का बोझ पूरी तरह समाप्त हो, ताकि वे नए उत्साह के साथ खेती की नई शुरुआत कर सकें और समृद्धि का नया इतिहास रच सकें।
कार्यक्रम में किसानों की बड़ी भागीदारी और उत्साह ने यह संकेत दिया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में किसानों के लिए लागू की जा रही योजनाओं और नीतियों के प्रति किसान समाज में विश्वास और संतोष का माहौल है।
इस अवसर पर कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे, आदिवासी विकास मंत्री अशोक उईके, भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद अनिल बोंडे, विधायक रणधीर सावरकर, विधायक प्रवीण दरेकर, भाजपा प्रदेश महासचिव एवं विधायक संजय कुटे, भाजपा महाराष्ट्र प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष एवं विधायक चित्रा वाघ, भाजपा महाराष्ट्र प्रदेश किसान मोर्चा के अध्यक्ष रामकृष्ण वेताळ सहित अनेक विधायक, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

