उन्नाव। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को उन्नाव जिले को 570 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 101 विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए कानून व्यवस्था, सुशासन और विकास के मुद्दों पर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने प्रदेश में विकास और सुरक्षा का नया मॉडल स्थापित किया है, जबकि पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में भ्रष्टाचार, अराजकता और माफियाराज को बढ़ावा मिला।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने की क्षमता विपक्षी दलों में कभी नहीं रही। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार बिना किसी भेदभाव के गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के उत्थान के लिए कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके लिए देश की असली चार जातियां गरीब, किसान, महिला और युवा हैं। सरकार की सभी योजनाएं इन्हीं वर्गों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं।
परिवारवाद पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए केवल नेहरू-गांधी परिवार और समाजवादी पार्टी के लिए केवल सैफई परिवार ही प्राथमिकता रहा है। इन दलों ने कभी आम जनता के हितों को सर्वोच्च स्थान नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय यदि कोई गरीब, व्यापारी या राजनीतिक कार्यकर्ता अपनी आवाज उठाता था, तो उसे दबाने का प्रयास किया जाता था। व्यापारियों के अपहरण और अपराध की घटनाएं आम बात थीं।
माफियाराज पर विपक्ष को घेरा
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कानून व्यवस्था में हुए सुधार का उल्लेख करते हुए कहा कि आज अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सत्ता संरक्षण प्राप्त माफियाओं को देखकर उन्हें रामायण काल के खर-दूषण, मारीच और सुबाहु की याद आती है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “विपक्ष के आंसू सिर्फ माफिया के मरने पर बहते हैं, लेकिन गरीबों और आम जनता के दुख-दर्द से उन्हें कोई सरोकार नहीं होता।” उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश और देश की दुर्दशा के लिए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समान रूप से जिम्मेदार हैं।
सुरक्षा और विकास सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और सुरक्षा व्यवस्था पहले की तुलना में कहीं अधिक मजबूत हुई है। उन्होंने नक्सलवाद और अन्य चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार देशविरोधी गतिविधियों का उसी भाषा में जवाब देने में सक्षम है।
बच्चों से जुड़ा भावुक प्रसंग
सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने एक भावुक प्रसंग भी साझा किया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में दो छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया जाना था। बच्चे लगातार रो रहे थे, लेकिन उनके पास आते ही शांत हो गए।
मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा, “बच्चे ईश्वर का स्वरूप होते हैं। उन्हें भरोसा होता है कि जब हम उनके बीच हैं, तो उनका भविष्य सुरक्षित है।”
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया तथा जिले के समग्र विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

