कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद काकोली घोष दस्तिदार को केंद्र सरकार ने ‘वाई’ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) की रिपोर्ट के आधार पर यह फैसला लिया है। 19 मई से लागू इस सुरक्षा व्यवस्था के तहत सीआईएसएफ के जवान उनकी सुरक्षा में तैनात किए गए हैं।
इस फैसले ने राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है, क्योंकि हाल ही में तृणमूल कांग्रेस ने काकोली घोष को लोकसभा में पार्टी के संसदीय दल के मुख्य सचेतक पद से हटा दिया था। उनकी जगह एक बार फिर कल्याण बंद्योपाध्याय को जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
पद से हटाए जाने के बाद काकोली घोष ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की थी। उन्होंने लिखा था,
“1976 से पहचान, 1984 से साथ की शुरुआत। चार दशक की निष्ठा का आज पुरस्कार मिला।”
उनकी इस पोस्ट को राजनीतिक हलकों में पार्टी नेतृत्व के प्रति असंतोष के रूप में देखा गया। इसके बाद केंद्र सरकार द्वारा अचानक Y कैटेगरी सुरक्षा दिए जाने से राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
विपक्षी दलों और राजनीतिक विश्लेषकों के बीच इसे लेकर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ लोग इसे केंद्र और TMC के बीच बढ़ते राजनीतिक तनाव से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ इसे सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर लिया गया सामान्य प्रशासनिक फैसला बता रहे हैं।
हालांकि, अब तक काकोली घोष दस्तिदार, तृणमूल कांग्रेस या भाजपा की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

