जाब में हाल ही में हुए धमाकों को लेकर सियासत गरमा गई है। राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इन घटनाओं के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर निशाना साधते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। अमृतसर के खासा कैंप के पास हुए विस्फोट पर प्रतिक्रिया देते हुए सीएम मान ने कहा कि बीजेपी चुनावी फायदे के लिए इस तरह के माहौल बनाने की कोशिश करती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी का तरीका रहा है कि जिस राज्य में चुनाव लड़ना होता है, वहां पहले दंगे या छोटे-मोटे धमाके कराए जाते हैं और फिर धर्म व जाति के आधार पर लोगों को बांटा जाता है। मान ने कहा, “यह बीजेपी की चुनावी तैयारी का हिस्सा है।”
सीएम भगवंत मान ने भरोसा दिलाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और दोषियों को सख्त सजा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब पहले ही कठिन दौर देख चुका है और अब राज्य के लोग इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने बीजेपी पर लोगों को डराकर वोट हासिल करने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया।
वहीं, इन घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने भी राज्य सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने एक ही दिन में जालंधर और अमृतसर में हुए विस्फोटों को गंभीर बताते हुए कहा कि इन्हें महज संयोग नहीं माना जा सकता।
बाजवा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि ऐसी घटनाओं के पीछे जिम्मेदार लोगों की जल्द पहचान कर उन्हें कानून के कटघरे में लाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब लोगों के बीच डर का माहौल हो, तब प्रशासन की चुप्पी या ढिलाई बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है।
कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि पंजाब पहले से ही बेरोजगारी और अवसरों की कमी जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। ऐसे में शांति भंग करने की कोई भी कोशिश लोगों में असुरक्षा की भावना को और बढ़ाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और जनता का भरोसा कायम रखना सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।


