दिल्ली में इन दिनों मौसम लगातार बदलता हुआ नजर आ रहा है, लेकिन इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही। उत्तर भारत के कई राज्यों—जैसे दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा—में तापमान अभी भी 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिससे भीषण गर्मी और लू का असर साफ देखा जा रहा है।राजधानी दिल्ली में सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं।
हालात ऐसे हैं कि लोग जरूरी काम के बिना घर से निकलने से बच रहे हैं और दोपहर के समय सड़कों व बाजारों में भीड़ कम दिखाई दे रही है। दिन के दौरान हल्के बादल जरूर छा सकते हैं, लेकिन इससे तापमान में खास गिरावट की उम्मीद नहीं है।हालांकि, शाम के समय मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है। दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी या हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिससे अस्थायी राहत मिल सकती है।
पिछले 24 घंटों में भी मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है। कई इलाकों में तापमान सामान्य से 1.5 से 3 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा दर्ज किया गया। आज के लिए न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री और अधिकतम 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। गर्मी के साथ-साथ रात में भी तापमान अधिक रहने से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, दिन में गर्म हवाएं चलने और शाम को आंधी या हल्की बारिश की संभावना ही मौसम में इस तरह के उतार-चढ़ाव की मुख्य वजह है।
हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।स्वास्थ्य और मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचने को कहा गया है। पर्याप्त पानी पीना, हल्के सूती कपड़े पहनना और सिर ढककर रखना बेहद जरूरी बताया गया है, ताकि गर्मी और डिहाइड्रेशन से बचा जा सके।

