देशभर में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से कई हिस्सों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू होने वाला है।मौसम विभाग का कहना है कि 27 से 31 मार्च के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में मौसम का असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।
उत्तर भारत की बात करें तो पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। यहां 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 28 से 30 मार्च के बीच व्यापक बारिश की संभावना है। कुछ जगहों पर तेज बारिश के साथ ओले गिरने और 50 से 70 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का भी अलर्ट है।
इसके अलावा बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।मध्य भारत में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम सक्रिय रहेगा। मध्य प्रदेश में 27 से 31 मार्च के बीच हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में 5 से 7 दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।पश्चिम भारत के महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ हिस्सों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है। यहां भी 30 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में 26 से 30 मार्च के बीच अलग-अलग जगहों पर बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। वहीं केरल और गोवा में गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है।राजधानी दिल्ली NCR में भी मौसम बदलने के संकेत हैं। आसमान में बादल छाए रहेंगे और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। 29 मार्च के बाद एक नया सिस्टम सक्रिय होने से यहां तेज बारिश और गरज-चमक की संभावना है।
तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।वहीं उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 27 से 31 मार्च के बीच हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। कुछ जगहों पर बिजली गिरने और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।कुल मिलाकर, आने वाले दिनों में देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम सुहावना लेकिन कुछ जगहों पर खराब रहने वाला है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

