दिल्ली के पश्चिमी इलाके उत्तम नगर में होली के दिन हुए विवाद के बाद हुई हत्या के मामले में प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। नगर निगम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य आरोपी के घर के अवैध हिस्से को बुलडोजर से तोड़ दिया गया।दिल्ली भाजपा अध्यक्ष Virendra Sachdeva ने इस कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं समाज को झकझोर देती हैं और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ी कार्रवाई जरूरी है।
उनके अनुसार प्रशासन की यह कार्रवाई भविष्य में हिंसा करने वालों के लिए एक सख्त संदेश है।प्रशासन के अनुसार, मुख्य आरोपी उमरदीन के घर का वह हिस्सा गिराया गया जिसे अवैध निर्माण बताया गया था। यह कार्रवाई नगर निगम और पुलिस की टीम ने भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच की। बुलडोजर और अन्य मशीनों की मदद से अवैध ढांचे को हटाया गया।घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
जब नगर निगम की टीम जेजे कॉलोनी में कार्रवाई के लिए पहुंची, उस समय बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम अवैध निर्माण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है और जहां भी नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां इसी तरह कार्रवाई की जाएगी।बताया जा रहा है कि 4 मार्च को होली के दिन जेजे कॉलोनी में दो पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद शुरू हुआ था।
एक बच्ची द्वारा फेंका गया पानी से भरा गुब्बारा सड़क पर फट गया और वहां से गुजर रही महिला के कपड़ों पर रंग लग गया। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गई।इस दौरान कुछ लोगों ने 26 वर्षीय तरुण कुमार पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल तरुण को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और लोगों में नाराजगी देखने को मिली।पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए कई लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में उमरदीन, जुम्मादीन, कमरुद्दीन, मुस्ताक, मुजफ्फर, ताहिर और इमरान उर्फ बंटी शामिल हैं। इसके अलावा एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया था। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

