मेक्सिको में कुख्यात ड्रग सरगना नेमेसियो ओसेगेरा सर्वांतेस उर्फ एल मेंचो की मौत की खबर सामने आने के बाद कई इलाकों में तनाव और हिंसा की घटनाएं देखने को मिल रही हैं। एल मेंचो को देश के सबसे ताकतवर आपराधिक संगठनों में से एक जालिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल (CJNG) का प्रमुख माना जाता था।रिपोर्ट्स के अनुसार, उसकी मौत की सूचना फैलते ही कई शहरों में आगजनी, सड़क जाम और सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की कोशिशें शुरू हो गईं। कुछ स्थानों पर हालात को काबू में करने के लिए सुरक्षा अभियान चलाए जा रहे हैं।
क्या बोले दूतावास?
स्थिति को देखते हुए भारत का दूतावास, मेक्सिको सिटी ने मेक्सिको में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए सुरक्षा सलाह जारी की है। दूतावास ने सोशल मीडिया पर साझा संदेश में बताया कि कई इलाकों में पुलिस ऑपरेशन जारी हैं और संबंधित सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हो सकती है।दूतावास ने खासतौर पर जालिस्को (प्यूर्टो वालार्टा, चपाला और ग्वाडलहारा), तमाउलिपास (रेनोसा सहित अन्य नगर), मिचोआकान, गुएरेरो और न्यूवो लियोन में रहने वाले भारतीयों को अगली सूचना तक सुरक्षित स्थानों पर ही रहने की सलाह दी है।
भारतीय नागरिकों से अपील की गई है कि वे पुलिस कार्रवाई वाले इलाकों से दूर रहें, भीड़भाड़ से बचें और अनावश्यक बाहर न निकलें। स्थानीय मीडिया पर नजर रखें और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में 911 पर संपर्क किया जा सकता है।दूतावास ने यह भी कहा है कि भारतीय नागरिक अपने परिवार और दोस्तों को फोन, मैसेज या सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी स्थिति की जानकारी देते रहें। सहायता के लिए भारतीय दूतावास के हेल्पलाइन नंबर +52 55 4847 7539 पर संपर्क किया जा सकता है।

