जयपुर। राजस्थान के प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थान राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर के नवनियुक्त कुलगुरु प्रो. भगवती प्रसाद (बी.पी.) सारस्वत का सामाजिक संगठन विप्र फाउंडेशन की ओर से गरिमामय अभिनंदन किया गया। फाउंडेशन के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने उनसे शिष्टाचार भेंट कर राजस्थानी परंपरा के अनुसार साफा पहनाकर, दुपट्टा ओढ़ाकर तथा अभिनंदन पत्र भेंट कर उनका सम्मान किया और नए पदभार के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
इस अवसर पर विप्र फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा जगत में प्रो. सारस्वत का लंबा और समृद्ध अकादमिक अनुभव रहा है। उनके कुशल नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और अकादमिक विशेषज्ञता से राजस्थान विश्वविद्यालय में उच्च शिक्षा के स्तर में गुणात्मक सुधार होगा तथा शोध एवं नवाचार को नई दिशा मिलेगी। पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि विश्वविद्यालय न केवल प्रदेश बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्टता के नए प्रतिमान स्थापित करेगा।
अभिनंदन समारोह के दौरान कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत ने विप्र फाउंडेशन के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय की गरिमा, शैक्षणिक अनुशासन और विद्यार्थियों के समग्र विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा को आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप प्रासंगिक बनाने के साथ-साथ संस्थागत विकास के लिए सभी वर्गों का सहयोग महत्वपूर्ण रहेगा।
सम्मान कार्यक्रम में विप्र फाउंडेशन के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतीश शर्मा, जयपुर जोन अध्यक्ष राजेश कर्नल, संगठन महामंत्री धर्मेंद्र शर्मा, सह राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पुष्पेंद्र शर्मा, जयपुर जिला अध्यक्ष महेंद्र शर्मा, जिला महामंत्री कमल शर्मा एवं अशोक पारीक सहित संगठन के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी व गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव और छात्रहित के मुद्दों पर सदैव रचनात्मक सहयोग देने का आश्वासन दिया।

