मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने ईरान को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर कड़ी चेतावनी दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने ईरान के अहम खार्ग द्वीप पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए।
उनके मुताबिक इस कार्रवाई में ईरान के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया और उन्हें पूरी तरह नष्ट कर दिया गया, जबकि तेल से जुड़े ढांचे को जानबूझकर सुरक्षित रखा गया।ट्रंप ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि उनके निर्देश पर अमेरिकी सेनाओं ने मध्य पूर्व के इतिहास के सबसे शक्तिशाली हवाई अभियानों में से एक को अंजाम दिया।
उन्होंने दावा किया कि खार्ग द्वीप पर मौजूद सभी सैन्य लक्ष्यों को तबाह कर दिया गया है, लेकिन तेल के बुनियादी ढांचे को नुकसान नहीं पहुंचाया गया।खार्ग द्वीप फारस की खाड़ी के उत्तरी हिस्से में स्थित है और इसे ईरान के तेल निर्यात का प्रमुख केंद्र माना जाता है। बताया जाता है कि ईरान के कच्चे तेल के लगभग 90 प्रतिशत निर्यात का संचालन यहीं से होता है।
यह द्वीप स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से करीब 483 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में और ईरान की मुख्य भूमि से लगभग 24 किलोमीटर दूर है। रिपोर्ट्स के अनुसार यहां रोजाना करीब 70 लाख बैरल तेल लोड करने की क्षमता मौजूद है।अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान को चेताते हुए कहा कि अगर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों की आवाजाही को किसी भी तरह बाधित किया गया तो अमेरिका अपनी मौजूदा नीति पर तुरंत पुनर्विचार कर सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका जल्द ही इस अहम समुद्री मार्ग से गुजरने वाले जहाजों की सुरक्षा के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था शुरू करेगा।ट्रंप ने साफ किया कि यदि ईरान या कोई अन्य पक्ष इस मार्ग पर चलने वाले जहाजों की सुरक्षा में हस्तक्षेप करता है, तो अमेरिका कड़ा कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा।

