दिल्ली के मौसम में साफ बदलाव नजर आने लगा है। फरवरी के शुरुआती दिनों में ही ठंड की तीव्रता कम होती दिख रही है और दिन के समय गर्मी का अहसास बढ़ने लगा है। बीते करीब एक हफ्ते से राजधानी में अधिकतम तापमान लगातार ऊपर जा रहा है।
क्या रहा मौसम का हाल?
सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस महीने का अब तक का सबसे ऊंचा स्तर रहा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में सुबह और शाम हल्की ठंड बनी रह सकती है, लेकिन दोपहर के समय तेज धूप निकलने से मौसम सुहावना और अपेक्षाकृत गर्म रहेगा।सोमवार सुबह हल्की धुंध जरूर देखने को मिली, लेकिन करीब आठ बजे के बाद आसमान साफ हो गया और तेज धूप निकल आई। दिनभर हल्की हवाएं भी चलती रहीं, जिससे तापमान बढ़ने के साथ गर्मी महसूस की गई। इस दौरान शहर का न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि रिज इलाके में अधिकतम तापमान 25.3 डिग्री और न्यूनतम 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा।मौसम विभाग के मुताबिक 5 फरवरी के बाद से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। पहाड़ी इलाकों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर दिल्ली में हल्के बादलों और तापमान में और इजाफे के रूप में दिख सकता है। हालांकि राजधानी और एनसीआर क्षेत्र में बारिश के कोई आसार नहीं हैं, जिससे मौसम शुष्क बना रहेगा।वहीं इस पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 11 फरवरी तक हल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है।मौसम विभाग का अनुमान है कि 15 फरवरी तक दिल्ली में अधिकतम तापमान 23 से 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है। 14 और 15 फरवरी को आसमान में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है।कुल मिलाकर संकेत यही हैं कि दिल्ली में सर्दी धीरे-धीरे विदाई की ओर बढ़ रही है और अब मौसम बसंत की आहट देने लगा है।

