काफी विवादों और कानूनी चुनौतियों के बाद रिलीज हुई फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ ने बॉक्स ऑफिस पर धीरे शुरुआत की, लेकिन समय के साथ इसकी कमाई में अच्छा उछाल देखने को मिला। हालांकि यह अपनी पहली फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ के मुकाबले कम बिजनेस कर पाई है, फिर भी इसने दो हफ्तों में अच्छी कमाई करते हुए फिल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह बना ली है।
फिल्म ने पहले हफ्ते में लगभग 23.28 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। दूसरे हफ्ते में कमाई में सामान्य गिरावट देखने को मिली, लेकिन इसके बावजूद फिल्म ने करीब 16.97 करोड़ रुपये का बिजनेस किया। करीब 28 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म का प्रदर्शन अब तक संतोषजनक माना जा रहा है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, रिलीज के 15वें दिन यानी तीसरे शुक्रवार को फिल्म ने लगभग 1.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके साथ ही भारत में 15 दिनों में फिल्म की कुल नेट कमाई करीब 41.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, जबकि इसका कुल ग्रॉस कलेक्शन लगभग 46.97 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।कमाई के लिहाज से फिल्म को अभी कुछ और दिनों का समय मिल सकता है।
माना जा रहा है कि तीसरे वीकेंड में इसकी कमाई में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है और यह जल्द ही 50 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन के करीब पहुंच सकती है।फिल्म के बजट और कमाई को देखते हुए इसका रिटर्न ऑन इन्वेस्टमेंट (ROI) भी अच्छा माना जा रहा है। अब तक की कमाई के आधार पर फिल्म को लगभग 40 प्रतिशत से अधिक रिटर्न मिल चुका है, जिससे इसे बॉक्स ऑफिस पर सफल फिल्मों की श्रेणी में रखा जा रहा है।

