HomePolticalनितिन नबीन की नई टीम का ऐलान, स्मृति ईरानी बनीं राष्ट्रीय महासचिव,...

नितिन नबीन की नई टीम का ऐलान, स्मृति ईरानी बनीं राष्ट्रीय महासचिव, बीजेपी ने 13 उपाध्यक्ष और 8 महासचिवों की नियुक्ति की

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सोमवार को राष्ट्रीय संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए अपनी नई टीम का ऐलान कर दिया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा घोषित नई टीम में कई वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारियां दी गई हैं। पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।

नई टीम में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया और पूर्व राष्ट्रीय महासचिव राम माधव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी

बीजेपी ने कुल 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की नियुक्ति की है। इनमें वसुंधरा राजे सिंधिया और राम माधव के अलावा उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, डॉ. भारती प्रवीण पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, प्रो. एम. नागराजा, प्रो. तारिक मंसूर और डॉ. मधुचंद्र कर शामिल हैं।

स्मृति ईरानी समेत 8 राष्ट्रीय महासचिव

पार्टी ने आठ राष्ट्रीय महासचिवों की भी नियुक्ति की है। इस सूची में स्मृति ईरानी के साथ विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को जिम्मेदारी दी गई है।

बीजेपी के संगठनात्मक ढांचे में बीएल संतोष राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के पद पर बने रहेंगे। वहीं शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है।

पीयूष गोयल को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी

पार्टी ने संगठन के वित्तीय प्रबंधन से जुड़े पदों पर भी नियुक्तियां की हैं। पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और राजेश मंगल को राष्ट्रीय संयुक्त कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा बीजेपी ने संगठन और आउटरीच से जुड़े विभिन्न दायित्वों में भी बदलाव किया है। संबित पात्रा को नॉर्थ-ईस्ट कोऑर्डिनेटर और तरुण चुघ को सेंट्रल ऑफिस का इंचार्ज बनाया गया है।

बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में वरिष्ठ नेताओं के अनुभव और संगठनात्मक जिम्मेदारियों के नए संयोजन को प्रमुखता दी गई है। पार्टी के मुताबिक, नई नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को और मजबूत करना तथा विभिन्न स्तरों पर कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments