नई दिल्ली/गुरुग्राम। गुजरात और महाराष्ट्र में हाल में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचाने के लिए इफको-टोकियो जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (इफको-टोकियो जीआईसी) ने क्लेम सेटलमेंट की प्रक्रिया तेज कर दी है। कंपनी के अनुसार, वह अब तक मोटर और नॉन-मोटर बीमा पॉलिसियों से जुड़े 100 से अधिक क्लेम का निपटारा कर चुकी है।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बीमाधारकों को जल्द राहत देने के लिए कंपनी ने त्वरित क्लेम सेटलमेंट प्रक्रिया लागू की है। इसके तहत विशेष रूप से गठित टीमें सर्वे, नुकसान के आकलन और क्लेम सेटलमेंट की प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने में जुटी हैं, ताकि प्रभावित ग्राहकों को बिना अनावश्यक देरी के वित्तीय सहायता मिल सके।
प्रभावित ग्राहकों को जल्द राहत देने पर जोर
कंपनी ने कहा कि मुश्किल की इस घड़ी में वह बाढ़ प्रभावित ग्राहकों के साथ खड़ी है। इसके लिए समर्पित टीमें प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का सर्वेक्षण और मूल्यांकन करने के साथ क्लेम प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ा रही हैं।
इफको-टोकियो जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के डायरेक्टर (ऑपरेशन्स) तत्सुया फुजिमोतो ने कहा कि कंपनी गुजरात और महाराष्ट्र में हालिया बाढ़ से प्रभावित परिवारों और कारोबारों की मुश्किलों को समझती है। उन्होंने कहा कि कंपनी अपने इस उद्देश्य के अनुरूप काम कर रही है कि जरूरत के समय ग्राहकों और समाज के साथ मजबूती से खड़ा रहा जाए।
उन्होंने कहा कि कंपनी की टीमें वास्तविक क्लेम का आकलन और उनका जल्द से जल्द निपटारा सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही हैं। कंपनी का उद्देश्य इस कठिन समय में प्रभावित ग्राहकों को तत्काल सहायता और आवश्यक वित्तीय राहत उपलब्ध कराना है।
क्लेम के लिए ग्राहक यहां कर सकते हैं संपर्क
क्लेम से संबंधित सहायता के लिए ग्राहक अपने निकटतम इफको-टोकियो कार्यालय या कंपनी के ग्राहक सहायता चैनल 1800-103-5499 पर संपर्क कर सकते हैं।
बाढ़ के दौरान सुरक्षा को दें प्राथमिकता
कंपनी ने बाढ़ प्रभावित लोगों से अपील की है कि राहत और क्लेम प्रक्रिया के साथ-साथ वे अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। लोगों को बाढ़ प्रभावित इलाकों में जाने, पानी से भरी सड़कों पर वाहन चलाने और खुले बिजली के तारों के संपर्क में आने से बचने की सलाह दी गई है।
जहां सुरक्षा की दृष्टि से संभव हो, वहां मुख्य बिजली आपूर्ति बंद करने की भी सलाह दी गई है। इसके अलावा, बीमित वाहन, घर, कारोबार या अन्य संपत्ति को हुए नुकसान की फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग करने को कहा गया है, ताकि मरम्मत या क्षतिग्रस्त वस्तुओं को हटाने से पहले नुकसान का प्रमाण सुरक्षित रहे।
ग्राहकों को नुकसान से संबंधित जरूरी दस्तावेज, बिल और अन्य साक्ष्य भी सुरक्षित रखने तथा घटना की जानकारी जितनी जल्दी संभव हो बीमा कंपनी को देने की सलाह दी गई है।
कंपनी ने स्पष्ट किया कि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को सबसे पहले अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों एवं एडवाइजरी का पालन करना चाहिए।

