नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। देशभर के लाखों छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए आवेदन किया है। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों को मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), दिल्ली ने अपनी विशेष हेल्पलाइन सेवा शुरू करते हुए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
एबीवीपी ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी प्रवेश प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए कार्यकर्ताओं की एक विशेष हेल्पलाइन टीम गठित की गई है। यह टीम प्रवेश से संबंधित विभिन्न प्रश्नों और तकनीकी समस्याओं के समाधान में विद्यार्थियों की सहायता करेगी।
विशेष रूप से दूर-दराज़ और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन, फॉर्म भरने, पाठ्यक्रम चयन, काउंसलिंग और अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इन्हीं चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए परिषद ने यह पहल की है, ताकि किसी भी छात्र को केवल जानकारी के अभाव में परेशानी का सामना न करना पड़े।
एबीवीपी हेल्पलाइन नंबर
9999977990
9084206032
7052014490
7310902683
6202523798
एबीवीपी के प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी दिल्ली विश्वविद्यालय में अध्ययन का सपना लेकर आते हैं। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान उन्हें आवेदन भरने, विषय चयन और काउंसलिंग जैसी कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा, “एबीवीपी का हेल्पलाइन अभियान यह सुनिश्चित करेगा कि कोई भी मेधावी छात्र केवल जानकारी या तकनीकी सहायता के अभाव में अपने सपनों से वंचित न रह जाए। परिषद के कार्यकर्ता 24 घंटे विद्यार्थियों की सहायता के लिए उपलब्ध रहेंगे।”
एबीवीपी ने सभी प्रवेशार्थियों से अपील की है कि यदि उन्हें प्रवेश प्रक्रिया के किसी भी चरण में कोई समस्या आती है, तो वे जारी हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर आवश्यक मार्गदर्शन और सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

