नयी दिल्ली: ओमान के तट के पास एक और व्यापारी जहाज से जुड़ी घटना सामने आई है। ओमान के शिनास बंदरगाह के नजदीक बिटुमेन टैंकर एमटी जलवीर में गुरुवार को आग लगने की सूचना मिली। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार जहाज के इंजन रूम और फनल वाले हिस्से में आग लगी है। माना जा रहा है कि जहाज पर करीब 20 भारतीय नाविक सवार हैं, हालांकि भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने एक्स पर जारी बयान में कहा कि उसे शिनास बंदरगाह के पास एक जहाज से जुड़ी घटना की जानकारी मिली है और वह स्थानीय अधिकारियों के साथ संपर्क में रहते हुए स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है।
ओमानी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, एमटी जलवीर 8 जून के बाद ओमान तट के पास प्रभावित होने वाला तीसरा व्यापारी जहाज है। इससे पहले भी इस सप्ताह दो अन्य जहाजों से जुड़ी घटनाएं सामने आई थीं।
रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को एमटी सेट्टेबेलो (MT Settebello) पर हुए कथित हमले में कम से कम दो भारतीय नाविकों की मौत हुई थी, जबकि एक अन्य नाविक लापता बताया गया। उस जहाज पर कुल 24 भारतीय नागरिक सवार थे। इन घटनाओं के बाद भारत ने नयी दिल्ली में अमेरिकी प्रभारी राजदूत जेसन मीक्स को तलब कर अपनी चिंता व्यक्त की थी।
फिलहाल एमटी जलवीर में लगी आग के कारणों और भारतीय नाविकों की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। भारतीय दूतावास और स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

