दिल्ली में मौसम ने अप्रैल की शुरुआत में ही राहत भरा रुख दिखाया है। मंगलवार (7 अप्रैल) सुबह कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
India Meteorological Department (IMD) के मुताबिक, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। इसी के चलते दिल्ली-एनसीआर में 7 और 8 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।इस अलर्ट का मतलब है कि क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है, जबकि कुछ जगहों पर यह 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके अलावा, कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान करीब 31°C और न्यूनतम लगभग 20°C रहने की उम्मीद है, जो सामान्य से थोड़ा कम है।
हालांकि, 10 अप्रैल के बाद तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि बदलते मौसम के दौरान सावधानी बरतें, खासकर तेज हवाओं, बिजली और गरज-चमक के समय सुरक्षित स्थानों पर रहें।

