राजस्थान के जोधपुर शहर में गणगौर पर्व के दौरान आयोजित भोलावनी मेले में शुक्रवार को अचानक तनाव की स्थिति बन गई। मकराना मोहल्ला (लायकान) क्षेत्र में एक मामूली घटना ने देखते ही देखते बड़ा रूप ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और डर का माहौल पैदा हो गया।
जानकारी के अनुसार, मेले में शामिल होने जा रही महिलाओं की भीड़ के बीच एक मोटरसाइकिल सवार दो युवक घुस गए, जिससे टकराव की स्थिति बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इस दौरान महिलाओं के साथ अभद्रता और गहने छीनने की कोशिश की गई, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोग आक्रोशित हो गए। हालांकि, दोनों युवक वहां से निकलने में सफल रहे।कुछ समय बाद वही युवक अन्य लोगों के साथ वापस लौटे और कथित रूप से भीड़ पर पथराव शुरू कर दिया।
इसके बाद स्थिति बिगड़ गई और दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी होने लगी। इस घटना से इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में भीड़ को नियंत्रित किया गया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई।पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह मामला अचानक हुए विवाद का प्रतीत होता है, जो धीरे-धीरे बढ़ गया। घटना के संबंध में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, ताकि शामिल लोगों की पहचान की जा सके।
स्थानीय लोगों ने इस घटना के बाद क्षेत्र में अवैध गतिविधियों जैसे नशे के कारोबार और अवैध टैक्सी संचालन पर भी चिंता जताई है, जिन्हें वे ऐसे विवादों की एक वजह मानते हैं।फिलहाल प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और इलाके में शांति बनी हुई है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है और लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें और आपसी भाईचारा बनाए रखें।

